मुर्गी के बाड़े में फंसा गुलदार,क्षेत्र में फैली दहशत।


पौड़ी:– जनपद के मासों तल्ला क्षेत्र में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक गुलदार ग्रामीणों के मुर्गी बाड़े में फंस गया। गुलदार के बाड़े में फंसे होने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।

ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनज़र स्थानीय लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। करीब एक घंटे तक चली मशक्कत के बाद टीम ने सफलतापूर्वक गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर अपने कब्जे में ले लिया। रेस्क्यू अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही, गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि मासों तल्ला क्षेत्र में एक गुलदार मुर्गी के बाड़े में फंस गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि गुलदार को सुरक्षित ट्रेंकुलाइज कर नागदेव रेंज लाया गया है, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। डीएफओ के अनुसार गुलदार ने बाड़े में फंसने के दौरान नौ मुर्गियों को अपना शिकार बना लिया था। फिलहाल गुलदार पूरी तरह सुरक्षित है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।







