कालागढ़ टाइगर रिजर्व में अवैध खैर कटान का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 10 क्विंटल लकड़ी बरामद।


कोटद्वार। कालागढ़ टाइगर रिजर्व की सोना नदी रेंज में अवैध रूप से खैर के पेड़ों की कटान के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विक्रम सिंह उर्फ गब्बर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 क्विंटल खैर की लकड़ी बरामद की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में पौड़ी जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई कालागढ़ टाइगर रिजर्व के डीएफओ तरुण एस. के कुशल नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम को उपप्रभागीय वनाधिकारी अनामिका बुक्करवाल के दिशा-निर्देशन में कार्रवाई के लिए लगाया गया था।
सोना नदी रेंज के रेंजर मुकुल सोनाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने अवैध खैर कटान से जुड़े मामले में जांच करते हुए मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 10 क्विंटल खैर की लकड़ी बरामद की गई।
अभियान में वन दरोगा पवन कुमार, सौरभ, बीट प्रभारी अक्षय नाकोटी सहित SOG टीम के निशांत, मनदीप कुमार, प्रदीप कुमार, ताजभर, मनोज कुमार, अंकित कुमार और तारा सिंह समेत अन्य वन कर्मचारी शामिल रहे।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध वन कटान में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है और अवैध कटान से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।







