विपिन कैंथोला के घर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, करीब आधे घंटे हुई बातचीत ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चाएं।


कोटद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला के कोटद्वार स्थित आवास पर पहुंचकर उनके पिता सुरेंद्र प्रसाद कैंथोला का कुशलक्षेम जाना। सुरेंद्र प्रसाद कैंथोला की कुछ दिन पूर्व सफल हार्ट सर्जरी हुई है। कोश्यारी के कैंथोला के आवास पहुंचने के बाद से ही यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

बताया जा रहा है कि भगत सिंह कोश्यारी और विपिन कैंथोला के बीच करीब आधे घंटे तक विभिन्न विषयों पर बातचीत हुई। हालांकि मुलाकात को मुख्य रूप से सुरेंद्र प्रसाद कैंथोला के स्वास्थ्य से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन चुनावी वर्ष में इस मुलाकात के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
विपिन कैंथोला के संबंध भगत सिंह कोश्यारी से करीब दो दशक पुराने बताए जाते हैं। कैंथोला आगामी विधानसभा चुनाव में यमकेश्वर विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी भी पेश कर चुके हैं। ऐसे में कोश्यारी का उनके आवास पहुंचना क्षेत्र की राजनीति और टिकट की दावेदारी में महत्वपूर्ण देखा जा रहा है

वहीं, विपिन कैंथोला को गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का भी करीबी माना जाता है। भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं से कैंथोला के लंबे समय से बने संबंधों को देखते हुए यमकेश्वर विधानसभा सीट पर उनकी दावेदारी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा और तेज हो गई है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो कोश्यारी की यह मुलाकात भले ही पारिवारिक कुशलक्षेम पूछने के उद्देश्य से हुई हो, लेकिन चुनावी वर्ष में नेताओं की इस तरह की मुलाकातें अपने आप में कई राजनीतिक संदेश भी देती हैं। यमकेश्वर सीट पर भाजपा के भीतर कई दावेदार सक्रिय हैं। ऐसे में कोश्यारी की कैंथोला से मुलाकात ने दावेदारों के बीच राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।






