इंदिरा गांधी का जन्मदिवस कांग्रेसजनों ने धूमधाम से मनाया



कोटद्वार। देश की पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. इंदिरा गांधी का जन्मदिवस मंगलवार को कांग्रेसजनों द्वारा श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया। बद्रीनाथ मार्ग स्थित कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में शामिल पूर्व राज्यमंत्री एडवोकेट जसबीर राणा ने कहा कि इंदिरा गांधी अपने दृढ़ संकल्प, अदम्य साहस और दूरदर्शिता के कारण विश्व में ‘लौह महिला’ के नाम से जानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने न केवल पाकिस्तान, चीन और देश के अलगाववादियों को करारा जवाब दिया, बल्कि 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को दो हिस्सों में विभाजित कर दुनिया का भूगोल ही बदल दिया था।
एडवोकेट राणा ने कहा कि बैंकिंग सेक्टर में राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति, रोजगार सृजन, शिक्षा के प्रसार तथा सार्वजनिक उपक्रमों की स्थापना जैसे अनेक ऐतिहासिक फैसले इंदिरा गांधी की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम थे, जिन्हें देश सदैव याद रखेगा।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री एडवोकेट जसबीर राणा, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनोज रावत, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष आशुतोष कंडवाल, एडवोकेट रजनीश रावत, नगर कांग्रेस के पूर्व महासचिव अरविंद चौधरी, कृष्णा बारद्वाज, जावेद अहमद, विनोद शर्मा, महेंद्र सिंह और मनुदेव रानी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
